मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की पड़ताल शुरू कर दी।बताया गया कि कुतुबपुर निवासी आयशा (32) का निकाह वर्ष 2017 में बिलाल के साथ हुआ था। दंपती के पांच बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर तनाव बना हुआ था।मंगलवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद आयशा बाथरूम में चली गई और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा।अंदर आयशा फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी राजीव शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।