मुजफ्फरनगर। फुगाना क्षेत्र के गांव खरड़ में मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए 80 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। स्वजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।बताया गया कि गांव निवासी जय सिंह सड़क किनारे सिरका बेचने का काम करते थे। मंगलवार को किसी बात को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई। फुटेज में कुछ लोग बुजुर्ग के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद जय सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों में रोष फैल गया।ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन रोक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ फुगाना नरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।