मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के करहेड़ा गांव से 10 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 37 वर्षीय मोनू अली को पुलिस ने कलियर से बरामद कर लिया। युवक के अचानक लापता होने और उसकी बाइक गंगनहर पुल के पास मिलने के बाद से स्वजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।करहेड़ा निवासी मौ. सावेज ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि उसका भाई मोनू अली 10 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे बसेड़ा स्थित भुट्टू आरा मशीन वाले से पैसे लेने के लिए घर से निकला था। दोपहर करीब एक बजे परिवार के लोगों ने फोन किया तो मोनू ने जल्द ही भोपा पहुंचने की बात कही थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह घर नहीं पहुंचा।काफी देर तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान तलाश करते हुए मोनू की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बेलड़ा गंगनहर पुल के पास खड़ी मिली। बाइक मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई थी। उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा था।मामले की जानकारी मिलने के बाद भोपा पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मोनू अली को कलियर से बरामद कर लिया है। युवक के मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। उसके लापता होने के कारणों को लेकर पूछताछ की जा रही है।