मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना रोड पर दाल मिल के निकट बुधवार को एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में उसके पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।बड़ा बाजार निवासी असद पुत्र असलम किसी काम से बुढ़ाना रोड की ओर गया था। बताया गया कि दाल मिल के पास किसी युवक से उसका विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से असद पर वार कर दिया। चाकू पेट में लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर घायल के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए।मामले में घायल पक्ष की ओर से एक युवक को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है और नामजद आरोपित की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।