मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में निजी अस्पताल संचालक चिकित्सक ने एक व्यक्ति पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। चिकित्सक का कहना है कि रकम देने से इन्कार करने पर उसे जान से मारने और अस्पताल बंद कराने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से करते हुए कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार जानसठ रोड स्थित वशिष्ठ अस्पताल के संचालक डा. आशीष वशिष्ठ ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि अस्पताल में वह और उनकी पत्नी मरीजों का उपचार करते हैं। आरोप है कि कादीपुर निवासी एक व्यक्ति स्वयं को सामाजिक संगठन से जुड़ा पदाधिकारी बताते हुए अस्पताल के संबंध में लगातार शिकायतें कर रहा था।
चिकित्सक के मुताबिक पूर्व में एक महिला मरीज से संबंधित शिकायत की स्वास्थ्य विभाग के स्तर से जांच भी कराई गई थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच में चिकित्सकीय लापरवाही सामने नहीं आई। इसके बावजूद अस्पताल को लेकर शिकायतों का सिलसिला जारी रहा।
आरोप है कि बाद में अस्पताल को सुचारू रूप से संचालित करने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की गई। रकम देने से मना करने पर जान से मारने और अस्पताल बंद कराने की धमकी दी गई। शिकायत में बाद में कथित रूप से अधिक रकम की मांग किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
चिकित्सक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group