मुजफ्फरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील तेवतिया के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाएं परखी गईं। इस दौरान महिला चिकित्सक समेत तीन स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।सीएमओ ने सबसे पहले ओपीडी का निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही उपचार सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता और मरीजों के उपचार की व्यवस्था देखी। इसके बाद ऑपरेशन थियेटर में पहुंचकर उपकरणों, साफ-सफाई और जरूरी संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक डा. प्रगति सिंह, एलएचवी कुसुम रानी और लैब टेक्नीशियन पुष्पेंद्र उपस्थित नहीं मिले। सीएमओ ने तीनों की अनुपस्थिति पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।पैथोलॉजी लैब में उन्होंने मरीजों की जांच और रिपोर्ट जारी करने की व्यवस्था देखी। टीकाकरण केंद्र में टीकों के रखरखाव और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल में चल रहे अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।सीएमओ ने अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर दवाओं, जांच और उपचार को लेकर उनकी राय जानी। मरीजों की समस्याएं सुनकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जांच की गई। अग्निशमन यंत्रों की स्थिति देखकर सभी उपकरणों को चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग हो सके।सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक परामर्श एवं सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा मरीजों व तीमारदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group