मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर देर रात तेज टक्कर में कंटेनर चालक की जान चली गई। संगत रेस्टोरेंट के पास नमकीन से भरा कंटेनर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, हाथरस निवासी सिद्धार्थ जैन की जैन कैरियर्स कंपनी का कंटेनर नमकीन लेकर जम्मू जा रहा था। वाहन को चालक राकेश कुमार जैन चला रहे थे। रात करीब ढाई बजे कंटेनर बुढ़ाना क्षेत्र में हाईवे पर पहुंचा। इसी दौरान आगे चल रहे 18 पहिया ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रहा कंटेनर उससे टकरा गया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए भेजा, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कंटेनर स्वामी सिद्धार्थ जैन ने पुलिस को शिकायत देकर आगे चल रहे ट्रक चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।