मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के ढांसरी गांव में तालाब में डूबने से ढाई वर्षीय मासूम आयांश की मौत हो गई। बच्चे का शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आबादी के बीच स्थित तालाब की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, आयांश रविवार सुबह अपने दादा श्याम सिंह के साथ गांव के पास स्थित मंदिर गया था। दादा ग्रामीणों के साथ बातचीत में व्यस्त हो गए, जबकि बच्चा आसपास खेल रहा था। कुछ समय बाद आयांश के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल सका। इसके बाद तालाब में गिरने की आशंका जताई गई।सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार जानसठ बृजेश कुमार और ककरौली पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे की तलाश के लिए तालाब का पानी पंप की मदद से निकलवाया गया। रविवार देर शाम तक अभियान चलने के बाद सोमवार सुबह दोबारा खोज शुरू की गई। इसी दौरान तालाब से आयांश का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए तालाब के चारों ओर सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group