लखीमपुर खीरी। निघासन क्षेत्र में मवेशियों के लिए घास काटने गए 21 वर्षीय युवक पर अजगर ने हमला कर दिया। अजगर ने युवक के हाथ को जकड़ने के बाद उसके शरीर को लपेट लिया और धीरे-धीरे गर्दन तक पहुंच गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे अजगर के शिकंजे से मुक्त कराया। घटना में युवक का हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल है।जानकारी के अनुसार, निघासन थाना क्षेत्र के गढ़ी नगर वार्ड निवासी मुनेश 16 सितंबर की शाम करीब चार बजे मवेशियों के लिए घास काटने खेत पर गया था। आबादी से लगभग दो किलोमीटर दूर खेत में घास काटने के बाद जैसे ही वह गठ्ठर उठाने लगा, तभी करीब छह फीट लंबे अजगर ने उसके हाथ को जकड़ लिया। देखते ही देखते अजगर युवक के शरीर से लिपट गया। मुनेश ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन उसकी पकड़ लगातार मजबूत होती गई।युवक की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। बताया गया है कि ग्रामीणों ने करीब 30 मिनट तक लाठी-डंडों की मदद से अजगर को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान मुनेश के दोस्त चुना और सुखबीर भी मौके पर पहुंच गए और अजगर की पूंछ पर वार करने लगे। काफी प्रयास के बाद अजगर ने युवक को छोड़ दिया। इसके बाद घायल मुनेश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके हाथ में इलाज किया गया।ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। दक्षिण निघासन रेंज क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो 21 सितंबर को सामने आया। वीडियो प्रसारित होने के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है।