मुजफ्फरनगर। दीपावली से पहले मीरापुर पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम मुझेडा में एक नवनिर्माणाधीन घेर से बड़ी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए पटाखों की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।पुलिस को 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि मुझेडा गांव में एक घेर के अंदर अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान छह बोरों में करीब 90 किलोग्राम पटाखे और छह कार्टूनों में लगभग 171 किलोग्राम सामग्री बरामद हुई। इसके अतिरिक्त एक कार्टून से पटाखों के 33 पैकेट भी मिले। पुलिस ने पटाखा निर्माण में प्रयुक्त होने वाली ज्वलनशील सामग्री और उपकरण भी जब्त किए।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने समून पुत्र अनवर, निवासी मोहल्ला मुश्तर्क, मीरापुर को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपित के पिता के नाम पर पहले पटाखा निर्माण का लाइसेंस था, लेकिन वह कई वर्ष पहले निरस्त हो चुका था। इसके बावजूद अवैध रूप से पटाखा निर्माण किए जाने का आरोप है।मीरापुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group