मेरठ। शहर में संपत्ति दिलाने के नाम पर महिला से लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में यूपी पुलिस के एक सीओ, उनकी पत्नी और बिल्डर दंपती को आरोपी बनाया गया है। एसएसपी के निर्देश पर जांच के बाद कंकरखेड़ा थाने में चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले में सीओ की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।बुलंदशहर निवासी रजनी पत्नी भूपेंद्र सिंह वर्ष 2016 में मेरठ में फ्लैट खरीदना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात कंकरखेड़ा क्षेत्र के एक बिल्डर से हुई। बिल्डर ने अपनी फर्म के माध्यम से एनएच-58 के पास यूरोपियन एस्टेट के नजदीक फ्लैट दिलाने का भरोसा दिया। महिला को फ्लैट पसंद आने पर 28 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। आरोप है कि इस फर्म में सीओ विपिन कुमार भी हिस्सेदार थे।महिला के मुताबिक, सौदा तय होने पर उन्होंने पांच लाख रुपये अग्रिम भुगतान किए थे। दोनों पक्षों के बीच इसकी लिखापढ़ी भी हुई थी। तय समय में फ्लैट नहीं मिलने पर उन्होंने रकम वापस मांगी, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं किया गया। वर्ष 2018 तक न तो फ्लैट मिला और न ही पैसा वापस हुआ।महिला का आरोप है कि रकम लौटाने के दबाव पर नौ मार्च 2019 को सीओ के नाम से पांच लाख रुपये का चेक दिया गया। बैंक में लगाने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद भी उन्हें रकम नहीं मिली। महिला जब बताए गए प्लॉट पर पहुंचीं तो वहां खाली जमीन के बजाय पहले से मकान बना मिला। इससे उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला।पीड़िता ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से शिकायत कर बैंक स्टेटमेंट समेत लेनदेन के अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराए। एसएसपी स्तर से जांच कराए जाने के बाद कंकरखेड़ा थाने में सीओ विपिन कुमार, उनकी पत्नी अनीता चौधरी, बिल्डर और उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। उपलब्ध दस्तावेजों और बैंक लेनदेन के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group