मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र के सिसौली गांव में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। 21 वर्षीय रोहित की हत्या के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, एक युवती से बातचीत को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुख्य आरोपित सुजल अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।रोहित मजदूरी करता था और एक नवंबर से लापता था। परिजनों ने चार नवंबर को पुलिस से उसकी तलाश की गुहार लगाई थी। अगले दिन उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई। बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने सात नवंबर को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और उसकी बरामदगी की मांग उठाई।पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित की बातचीत मुख्य आरोपित सुजल की बहन से होती थी। सुजल इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर उसने अपने चचेरे भाई अक्षय और साथियों कुणाल व अमित के साथ मिलकर रोहित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने पहले तमंचे से गोली मारने की योजना बनाई थी, लेकिन हथियार का इंतजाम नहीं हो सका।इसके बाद रोहित को भोला झाल के पास बुलाया गया। आरोप है कि वहां उसे शराब और गांजा पिलाया गया। नशे की हालत में अक्षय ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के समय अन्य आरोपित भी मौके पर मौजूद थे। वारदात के बाद शव को गंगनहर में फेंक दिया गया।पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर संदिग्धों तक पहुंचकर पूछताछ की गई, जिसमें हत्या से जुड़ी जानकारी सामने आई। पुलिस ने अक्षय, कुणाल, अमित और जीतन को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित सुजल की तलाश जारी है।एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि हत्या के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। फरार मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।