जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक की गोली लगने से मौत हो गई। बताया गया कि वह कार से जा रहे थे, इसी दौरान गोली लगने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कार से कथित सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।घटना जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर प्रभु ढाबे के पास हुई। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय दिनेश श्रीवास्तव के रूप में बताई गई है, जो मूल रूप से लखनऊ के गुड़ंबा क्षेत्र के रहने वाले थे। वह जौनपुर के वन विहार इलाके में पत्नी रचना के साथ रहते थे। उनकी तैनाती शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र की एक बैंक शाखा में थी।पत्नी रचना के अनुसार, उनके पति शुगर और लिवर सिरोसिस की बीमारी से पीड़ित थे। वह पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण चिंतित रहते थे। पत्नी ने बताया कि दिनेश अक्सर सुबह करीब नौ बजे बैंक जाने के लिए घर से निकलते थे और शाम तक लौट आते थे। घटना वाले दिन भी वह बैंक गए थे, लेकिन शाम को घर नहीं पहुंचे।रचना ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने फोन किया। फोन बंद मिलने के बाद उन्होंने परिचितों और पति के दोस्तों से जानकारी लेने का प्रयास किया। रात करीब 11 बजे तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में पुलिस से पति की मौत की सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंचीं।पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच की गई। कार से कथित आत्महत्या नोट मिलने की बात कही गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।