इस्लामनगर। जाफरपुर गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। सड़क किनारे रखी टीन की चादर की चपेट में आने से युवक की गर्दन गंभीर रूप से कट गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास से पहले ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।जानकारी के अनुसार, जाफरपुर गांव निवासी अंकुश सिंह गुरुवार रात करीब नौ बजे अपने भाई राकेश और पड़ोसी दिलीप के साथ बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में रखी टीन की चादर उसकी गर्दन से टकरा गई। धारदार चादर से गंभीर चोट लगने के बाद युवक का काफी खून बहने लगा। बाइक पर मौजूद भाई और पड़ोसी ने उसे संभालने का प्रयास किया। राकेश ने गमछे की मदद से खून रोकने की कोशिश की और घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।अंकुश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी प्रियंका से हुई थी। महज आठ दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में नवजात के आगमन से खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है।