बिजनौर। पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने तीन दरोगाओं के खिलाफ कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर तीनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में जिम्मेदारी और कार्यप्रणाली को लेकर सख्ती का संदेश गया है।कार्रवाई की जद में मंडावली थाना क्षेत्र की भगुवाला चौकी प्रभारी अमूल मिश्रा, चांदपुर थाना क्षेत्र की बवनपुरा चौकी प्रभारी बबलू सिंह और किरतपुर के कस्बा इंचार्ज दीपक नगर आए हैं। पुलिस अधिकारियों के कामकाज को लेकर प्राप्त शिकायतों और आरोपों की जांच के बाद यह कदम उठाया गया।पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक संबंधित पुलिसकर्मियों पर अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप थे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और तीनों को उनके वर्तमान दायित्व से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया।एसपी केके बिश्नोई की ओर से की गई इस कार्रवाई को पुलिसकर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही अथवा शिकायतों को नजरअंदाज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।