मुजफ्फरनगर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज चरथावल के संयुक्त तत्वावधान में 18 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की 15 कंपनियां विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले के माध्यम से करीब 2500 पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा गया है।जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेला गांधी इंटर कॉलेज चरथावल के परिसर में आयोजित होगा। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा सहित विभिन्न शैक्षिक योग्यताएं रखने वाले युवा हिस्सा ले सकेंगे। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार और लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर जॉब सीकर श्रेणी में पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को अपना पंजीयन कार्ड, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, फोटो पहचान पत्र और बायोडाटा साथ लेकर पहुंचना होगा।जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। किसी प्रकार की जानकारी या परेशानी होने पर जिला सेवायोजन कार्यालय मुजफ्फरनगर से संपर्क किया जा सकता है। मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।