मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में महिला से मोबाइल छीनकर फरार हुए बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंचेड़ा रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस का सामना आरोपियों से हो गया। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी खेतों में भागने के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को गांधी कॉलोनी में एक बारात घर के बाहर खड़ी महिला का वनप्लस नॉर्ड मोबाइल फोन स्कूटी सवार बदमाश छीनकर ले गए थे। पीड़िता की शिकायत पर नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।15 नवंबर की रात पुलिस टीम पंचेड़ा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध स्कूटी सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।पकड़े गए दोनों आरोपी चंडीगढ़ के निवासी बताए गए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया वनप्लस मोबाइल, 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है।सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group