बागपत। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर टटरी इंटरचेंज के पास शुक्रवार देर रात हुए हादसे में सहारनपुर निवासी 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक अपनी कार से दिल्ली जा रहा था। रास्ते में कार रोककर हाईवे किनारे खड़े होने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।सहारनपुर के नुमाइश कैंप निवासी राघव धवन दिल्ली में अपने मित्र पार्थ शर्मा से मिलने जा रहे थे। बताया गया कि 25-26 सितंबर की रात करीब एक बजे टटरी इंटरचेंज से पहले उन्होंने अपनी कार रोकी थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े राघव को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी मिलने के बाद राघव के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार के मुताबिक राघव दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनके पिता विजय धवन स्टोन क्रशर का कारोबार करते हैं।पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की वजह और वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group