मुजफ्फरनगर। दो अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिलेभर में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कराने पर जोर दिया गया।बैठक में दो अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण कराया जाए। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया जाएगा।प्रशासन की ओर से इस अवसर पर स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, सामाजिक एकजुटता और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया जाए।कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और बिजली की व्यवस्था के साथ सुरक्षा संबंधी इंतजाम भी पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करें, जिससे दो अक्टूबर के कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।