मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में गौशाला रोड स्थित काली माता मंदिर परिसर में किशोरी से बातचीत को लेकर विवाद के बाद एक युवक की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मारपीट में शामिल तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और वीडियो के आधार पर घटना की जांच कर रही है।बताया गया कि बामनहेड़ी निवासी करीब 22 वर्षीय युवक मंदिर परिसर में सफाई का काम करता था। आरोप है कि उसकी मंदिर के आसपास रहने वाली एक किशोरी से बातचीत होती थी। सोमवार शाम युवक के किशोरी के साथ मंदिर परिसर में होने की जानकारी मिलने पर कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक को जमीन पर गिराकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के शरीर पर चोटों के निशान बताए गए हैं।उधर, किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में युवक पर उनकी बेटी से काफी समय से गलत तरीके से बातचीत करने और छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में युवक पर किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों ने किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में किशोरी के परिजनों की शिकायत के साथ ही मंदिर परिसर में युवक के साथ की गई मारपीट को भी जांच में शामिल किया गया है। एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि युवक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि किशोरी से संबंधित लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।