मुजफ्फरनगर। दरियाबाद में स्थित संदीप भगत की कुटिया पर मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले युवा धावक हर्षित कपासिया आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस दौरान संदीप भगत ने हर्षित कपासिया को शाल ओढ़ाकर और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। संदीप भगत की तपस्या का मंगलवार को छठा दिन रहा।इस अवसर पर संदीप भगत ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों और समाज की प्रगति में लगानी चाहिए। खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की है।रविंद्र सिंह भाटी ने हर्षित कपासिया को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और आत्मविश्वास से युवा खेलों में नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।इस दौरान छोटू गुर्जर, सुधीर गुर्जर, रोहित, राहुल, मनीष, शुभम, सुंदर, विश्वपाल और अनिल उर्फ मुखिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने हर्षित कपासिया की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।