मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र में गुरुवार देर रात जिला एसओजी और पुलिस की टीम की बाइक सवार युवक से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार जिला एसओजी और चौकी इंचार्ज साकेत की टीम रुड़की रोड क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार वहां से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए जंगल में घेराबंदी कर ली।पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपित ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई।पुलिस जांच में आरोपित की पहचान मेरठ निवासी परवेज पुत्र आशिफ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले सिविल लाइन क्षेत्र में महिला से कुंडल स्नेचिंग की घटना हुई थी। इस मामले की जांच जिला एसओजी कर रही थी। जांच के दौरान परवेज का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह स्नेचिंग के मामले में वांछित था।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान उसने स्नेचिंग की अन्य घटनाओं और अपने साथियों के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस इन जानकारियों की जांच कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।एसपी सिटी अमित जैन ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपित को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से हथियार, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group