अंबेडकरनगर। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के एसी बस और ट्रेलर की भिड़ंत में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री नींद में थे।बताया गया कि एसी बस दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जैतपुर थाना क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस का करीब 40 फीट लंबा बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।प्रारंभिक जांच में बस चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई।हादसे में मृत यात्रियों में बिहार के दरभंगा निवासी सचिन कुमार (30) की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घायल यात्रियों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के नाम सामने आए हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group