मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर 26। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सफाई व्यवस्था में योगदान देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही चिकित्सालय परिसर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया गया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर और डॉ. राजीव कुमार की प्रमुख भूमिका रही। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के तहत उपस्थित चिकित्सकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई। डॉ. राजीव कुमार ने सभी को स्वच्छता शपथ दिलाते हुए अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके नियमित प्रयासों से मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।आयोजन में मैट्रन रीमा रानी, आईसीएन रिंका और एचडीएम सबा रानी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर ने चिकित्सालय के सफाई एवं बागवानी कर्मचारियों सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने परिसर की स्वच्छता और हरियाली को बनाए रखने के लिए सभी से निरंतर सहयोग की अपील की।