मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर 26। युवाओं को नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिम और फिटनेस सेंटरों की निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर जिले में जिम और फिटनेस सेंटरों की संयुक्त जांच का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिला क्रीड़ा विभाग की टीमें शामिल रहेंगी।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुछ जिम सेंटरों पर युवाओं को कम समय में बेहतर परिणाम का लालच देकर अनधिकृत खाद्य पूरक, प्रतिबंधित स्टेरॉयड, नशीली दवाएं और अन्य प्रतिबंधित पदार्थ उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है। विभाग का उद्देश्य ऐसे उत्पादों की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि युवाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों को रोका जा सके।विशेष जांच अभियान के लिए जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. विक्रांत तेवतिया को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके समन्वय में जिला क्रीड़ा अधिकारी की टीम और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी जिम व फिटनेस सेंटरों की जांच करेंगे। टीम संचालकों के पास उपलब्ध सप्लीमेंट और दवाओं की जांच करने के साथ उनकी वैधता और बिक्री से संबंधित अभिलेख भी देखेगी।जांच के दौरान संदिग्ध उत्पाद मिलने पर उनके नमूने लिए जाएंगे और नियमानुसार परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। विभाग ने अभियान को एक दिन तक सीमित नहीं रखने का निर्णय लिया है। आगे भी अलग-अलग समय पर औचक निरीक्षण किए जाएंगे, जिससे जिम संचालकों पर लगातार निगरानी बनी रहे।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी जिम या फिटनेस सेंटर में अनधिकृत सप्लीमेंट, प्रतिबंधित औषधियां या नशीले पदार्थ पाए जाते हैं तो संबंधित संचालक और आपूर्तिकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group