दौराला। लावड़ रोड पर अझौता मोड़ के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर दौड़ रही सियाज कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार दिल्ली के भजनपुरा निवासी चाचा सुरेंद्र और उनका भतीजा सार्थक आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों अंदावली गांव की ओर जा रहे थे।बताया गया कि काली नदी पार करने के बाद अझौता मोड़ के निकट पहुंचते ही कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में आग लगी देख दोनों ने बाहर निकलने का प्रयास किया। इस दौरान उनके हाथ और कमर झुलस गए। हादसे के बाद दोनों सड़क पर बेहोश हो गए।कार से आग की लपटें उठती देखकर राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए। इससे लावड़ रोड पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर दौराला पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने जली कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक ई-रिक्शा चालक ने मानवीयता दिखाते हुए घायल चाचा-भतीजे की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। दोनों को पहले सिवाया टोल प्लाजा स्थित अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मोदीपुरम स्थित एसडीएस अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों के स्वजन को दे दी।सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि कार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।