मुजफ्फरनगर। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने में सहायता देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति योजना के तहत शनिवार को एसडी इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत के प्रशासक डा. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी ने विद्यार्थियों को सरकार की ओर से संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर से अग्रसारित आंकड़ों के आधार पर कक्षा नौवीं और दसवीं के विभिन्न वर्गों के 1504 विद्यार्थियों को 35.42 लाख रुपये तथा कक्षा 11वीं और 12वीं के 996 विद्यार्थियों को 25.94 लाख रुपये की छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई है। यह धनराशि विद्यार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे भेजी जा चुकी है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इससे विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने में भी मदद मिलती है।अधिकारियों ने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय से और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, एसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, विद्यार्थी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने अतिथियों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।