मुजफ्फरनगर। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि जरूरत पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच करें।समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर लोग पहुंचे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके मूल कारण की जांच की जाए और शिकायतकर्ता को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। निस्तारण के बाद उसकी गुणवत्ता की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था और पुलिस से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। विशेष रूप से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।अधिकारियों ने साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। किसी संदिग्ध संदेश या लिंक पर प्रतिक्रिया देने से बचने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया।जिलाधिकारी और एसएसपी ने अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों की प्रगति पर नजर रखने तथा समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील तेवतिया, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।