बागपत। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला आग के हवाले कर दिया।पुतला फूंके जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतला कब्जे में लेने को लेकर खींचतान और नोकझोंक हो गई। पुलिसकर्मी हाथों में लाठियां लेकर पुतले में लगी आग बुझाते नजर आए।सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं। उनका दावा है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने करीब 13 करोड़ वोट काटे जाने का आरोप लगाते हुए इस मामले में कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन में सपा नेता राहुल अवाना, बिल्लू प्रधान और जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। राहुल अवाना ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं बिल्लू प्रधान ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन को लेकर मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और काफी देर तक माहौल गरमाया रहा।