मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के गांव परासौली निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला ने रविवार सुबह कथित तौर पर चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए पानीपत के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया।परिजनों के अनुसार महिला करीब 20 दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। इसी वजह से उसका उपचार भी कराया जा रहा था। बताया गया कि रविवार सुबह उसने घर में रखी चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया। उस समय उसने इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं दी। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर वह अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर गई।महिला की हालत देखकर बच्चों ने तत्काल पिता शादिन को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च स्तरीय अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन महिला को पानीपत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन जहरीला पदार्थ शरीर में फैलने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल में मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।बताया गया कि परिवार मूल रूप से मुजफ्फरनगर के परासौली गांव का रहने वाला है और रोजी-रोटी के लिए पानीपत में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। परिवार वहीं रह रहा था। मृतका के पति शादिन के अनुसार उनके चार बच्चे हैं। दो बड़ी बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा और सबसे छोटी बेटी उनके साथ रहते हैं।परिजनों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति पिछले कई दिनों से ठीक नहीं थी और वह कई बार अचानक घर से भी चली जाती थी। परिवार की ओर से उसका उपचार कराया जा रहा था। रविवार को हुई घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के संबंध में पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की स्थिति और कारण स्पष्ट हो सकेगा।