मुजफ्फरनगर। हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन 22 नवंबर को विशेष मॉकड्रिल कराने जा रहा है। शाम छह बजे पुलिस लाइन परिसर में सायरन बजाकर अभ्यास शुरू किया जाएगा। इस दौरान निर्धारित स्थानों पर दो मिनट के लिए बिजली बंद कर ब्लैकआउट कराया जाएगा। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और आपात स्थिति में बचाव करने का अभ्यास कराया जाएगा।मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में अधिकारियों की बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने बताया कि अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, आपूर्ति, होमगार्ड और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें शामिल होंगी। इनके अलावा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड के सदस्य भी सहयोग करेंगे।अभ्यास के दौरान शाम छह बजे दो मिनट तक सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी जाएगी। इसके साथ ही निर्धारित स्थानों पर ब्लैकआउट कराया जाएगा। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का अभ्यास कराया जाएगा। खतरा टलने पर दो मिनट तक ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू होंगे। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक अग्निशमन यंत्रों से छोटी आग बुझाने का अभ्यास करेंगे। बड़ी आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ पहुंचेगी। अभ्यास में मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी शामिल रहेगी।प्रशासन का उद्देश्य आपात स्थिति में सभी विभागों की तैयारियों को परखना और उनके बीच बेहतर तालमेल बनाना है, ताकि किसी संकट के समय राहत और बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें।बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, बिजली विभाग के एक्सईएन सागरमल, सीवीओ डॉ. जितेंद्र गुप्ता, खंड विकास अधिकारी ओमकार सिंह, अरविंद त्यागी, जल निगम के जेई शमीम अहमद, नगरपालिका के एई नेपाल सिंह, डीपीओ सुशील कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह, सीएफओ अनुराग कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।