मुजफ्फरनगर। भोपा थाना पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बारहसिंघा हिरन के छह सींग बरामद हुए हैं। बरामद सींगों का वजन करीब छह किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ी कीमत होने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार बुधवार को बरला-भोकरहेड़ी मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से बारहसिंघा के छह सींग मिले। पूछताछ में आरोपित की पहचान गांव योगेंद्रपुर निवासी विजय कुमार पुत्र मन कुमार के रूप में हुई।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच में अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बारहसिंघा के सींग आरोपित तक कैसे पहुंचे और इन्हें आगे किसे दिया जाना था।पुलिस आरोपित के संपर्कों और लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीव अंगों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group