मुजफ्फरनगर। जिले में श्रमिकों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों को लेकर श्रम विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में चिकित्सकीय जांच के साथ श्रमिकों को विभाग की योजनाओं और श्रम कानूनों की जानकारी भी दी जा रही है।इसी क्रम में छह अक्टूबर को पुरकाजी क्षेत्र के जमालपुर स्थित भारतीयम वैबरेज प्राइवेट लिमिटेड में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने सामान्य व विशेष स्वास्थ्य जांच तथा रक्त परीक्षण सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में 392 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।बुधवार को मेरठ रोड स्थित बेगराजपुर के मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भी शिविर लगाया गया। यहां चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों ने 135 श्रमिकों की जांच की। दोनों शिविरों में श्रम प्रवर्तन अधिकारियों ने श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई और श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले अधिकारों के प्रति जागरूक किया।सहायक श्रमायुक्त देवेश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले में छह से आठ अक्टूबर तक विभिन्न स्थानों पर श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराना है।