मुजफ्फरनगर। शुक्रताल स्थित सोलर प्लांट से कॉपर तार चोरी के मामले का भोपा पुलिस और एसओजी देहात की टीम ने खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किया गया तार, नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार 25 और 26 सितंबर की रात सोलर प्लांट से बड़ी मात्रा में कॉपर तार चोरी हुआ था। मामले में भोपा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद टीम ने भोपा-बेलड़ा मार्ग पर जनता इंटर कॉलेज के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार पांच संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी में उनके पास से चोरी का सामान बरामद होने पर सभी को हिरासत में ले लिया गया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजीज अहमद निवासी शाहपुर, भगवानपुर हरिद्वार, अमन और अश्वनी कुमार निवासी बिलहैत, बिनावर बदायूं, ज्ञानबाबू निवासी उदमई, अलीपुर बदायूं तथा शाहनवाज निवासी रहमतनगर, भावनपुर हरिद्वार के रूप में की है।पुलिस के मुताबिक आरोपितों के पास से पॉलीकैब कंपनी के कॉपर तार के आठ बंडल और 30 हजार रुपये बरामद हुए। इसके अलावा चोरी के तार बेचकर मिली रकम से खरीदी गई करीब 2.55 लाख रुपये कीमत की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर चोरी का माल खरीदने वालों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही अन्य स्थानों पर हुई तार चोरी की घटनाओं में भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। कार्रवाई एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group