मुजफ्फरनगर। मेरठ खंड स्नातक और खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों को गति देते हुए मंगलवार को आईटीआई परिसर में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को मतदान की विभिन्न प्रक्रियाओं, निर्वाचन संबंधी अभिलेखों और मतपेटियों के रखरखाव की जानकारी दी गई। जिले में 23 अक्टूबर को मतदान होना है।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में करीब 200 पीठासीन अधिकारियों तथा प्रथम और द्वितीय मतदान अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मास्टर ट्रेनरों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया समझाई और कार्मिकों को उनके दायित्वों से अवगत कराया।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मतदान कार्मिकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कर्मचारी अपने दायित्वों को गंभीरता से समझें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रक्रिया को लेकर असमंजस होने पर तत्काल मास्टर ट्रेनरों से जानकारी प्राप्त करें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।प्रशिक्षण में मतपेटियों को खोलने, बंद करने और सील लगाने की प्रक्रिया के साथ निर्वाचन से जुड़े प्रपत्रों एवं रजिस्टरों को सही ढंग से भरने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक प्रक्रिया का अभ्यास करें और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।