बागपत। बागपत में कुत्ते के काटने के बाद समय पर उपचार नहीं मिलने से 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले शाहिद को करीब दो महीने पहले कुत्ते ने चेहरे पर काट लिया था। उसने घरवालों को इस बारे में नहीं बताया। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, छात्र की मौत रेबीज संक्रमण के कारण हुई।शाहिद पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी मां मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती हैं। बेटे की मौत से परिवार में शोक छा गया।परिजनों के अनुसार, शाहिद करीब दो महीने पहले मोहल्ले में था, तभी एक कुत्ते ने उसके चेहरे पर काट लिया था। घर में डांट पड़ने के डर से उसने इस घटना को छिपा लिया। घाव भरने के बाद परिवार को भी किसी गंभीर बीमारी का अंदेशा नहीं हुआ।हाल ही में स्कूल से घर लौटने के बाद शाहिद को बुखार आया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन पहले उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन सुधार नहीं होने पर मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान शाम करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनुराग वर्मा के अनुसार, छात्र को उपचार के लिए दिल्ली भेजा गया था। मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।कुत्ते के काटने की घटना को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। घाव को साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक धोकर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। चिकित्सक की सलाह के अनुसार रेबीज से बचाव के टीके लगवाना जरूरी है। घाव भर जाने के बाद भी उपचार में देरी नहीं करनी चाहिए।