मुजफ्फरनगर, 15 अक्टूबर 26। कलेक्ट्रेट में संचालित एमसीएमसी कंट्रोल रूम, आपदा कंट्रोल रूम और जिला जनगणना सेल की व्यवस्थाओं को परखने के लिए गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर पहुंचे एडीएम ने तीनों केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने पर जोर दिया।एडीएम गंभीर सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ काम करें। जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्धारित समय में कार्य पूरे करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और कार्यस्थलों की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह, राहत सहायक नासिर हुसैन, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिंस जैन समेत अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।