मुजफ्फरनगर। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए शनिवार को बुढ़ाना तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान अलग-अलग विभागों से जुड़ी 43 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें आठ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बाकी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस के दौरान राजस्व और भूमि विवाद के साथ बिजली, सड़क, पेंशन, चकबंदी, श्रम, समाज कल्याण, नगर पंचायत तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित समस्याएं सामने आईं। फरियादियों ने अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहना चाहिए। अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या की वास्तविक स्थिति देखें और शिकायतकर्ता को राहत दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी सामने आने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत मिलने के बाद उसकी वास्तविकता की जांच की जाए। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से बातचीत कर समस्या को समझें और निष्पक्षता के साथ उसका निस्तारण करें। कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि पता चल सके कि वह समाधान से संतुष्ट है या नहीं। इसके साथ ही मौके की तस्वीर भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को लेकर भी डीएम ने अधिकारियों को समयसीमा का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज मामलों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ किया जाए और किसी भी शिकायत को बिना उचित जांच के निस्तारित न माना जाए। जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव नहीं है, उनमें शिकायतकर्ता को स्थिति से अवगत कराया जाए।समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी बुढ़ाना सत्येंद्र कुमार, तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, उपनिदेशक कृषि प्रमोद सिरोही, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।