मुजफ्फरनगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खालापार थाना पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजडू गांव की खालसा पट्टी निवासी खलील पुत्र यासीन के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 48 वर्ष बताई गई है। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मास्टर सराफत के कार्यालय के पास से उसे पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस मिला।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, खलील का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 से 2023 के बीच विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित मुकदमा दर्ज होने का भी उल्लेख है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 185/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में कार्रवाई की है। गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।कार्रवाई में खालापार थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है