शामली। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह पुराने डाकघर के पास एक युवक का शव मिलने से आसपास के इलाके में हलचल मच गई। सड़क किनारे युवक को मृत पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बागपत जिले के लुंब-तुगाना गांव निवासी भूरा के रूप में हुई है। वह शामली में रहकर वाहनों के शीशे साफ करने का काम करता था। रविवार सुबह करीब 10 बजे उसका शव पुराने डाकघर के पास मिला। युवक की मौत की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।युवक की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस को फिलहाल ऐसी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है, जिससे मौत की वजह का पता चल सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होने की उम्मीद है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।