मुजफ्फरनगर। थार कार पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। रामपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर स्कॉर्पियो ईख के खेत की ओर जाने वाले रास्ते पर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को पानीपत-खटीमा हाईवे पर स्कॉर्पियो और बलेनो कार सवार लोगों ने सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी सहम पुत्र मोहसिन की थार कार पर फायरिंग की थी। मामले में थाना छपार में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस की चार टीमों के साथ एसओजी को भी लगाया गया था।इसी क्रम में दो और तीन नवंबर की मध्यरात्रि को पुलिस की संयुक्त टीम रामपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया तो स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद वाहन सवार आरोपितों ने टीम पर गोलियां चला दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हर्ष त्यागी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उज्ज्वल शर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने दोनों की पहचान हर्ष त्यागी निवासी साकेत कॉलोनी और उज्ज्वल शर्मा निवासी इंद्रा कॉलोनी, थाना सिविल लाइन के रूप में की है। इनके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, .315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने थार पर फायरिंग की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।