मुजफ्फरनगर। बेटियां अपने अधिकारों को पहचानें और जरूरत पड़ने पर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने में पीछे न रहें, इसके लिए पुलिस ने जागरूकता की पहल की है। बुधवार को भोपा थाने में मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को एक दिन के लिए थाना प्रभारी और मिशन शक्ति प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बालिकाओं को बताया गया कि पुलिस किस तरह क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए काम करती है। उन्हें महिलाओं और किशोरियों के साथ होने वाले अपराधों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ तथा साइबर अपराध से बचाव के तरीके समझाए गए। साथ ही अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी तरह के उत्पीड़न का सामना होने पर चुप न रहने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस ने बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में भी जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी संकट या परेशानी की स्थिति में इन सेवाओं के माध्यम से मदद ली जा सकती है। पुलिस से संपर्क करने में किसी तरह का भय रखने की जरूरत नहीं है।मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। भोपा पुलिस की ओर से बताया गया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।