मुजफ्फरनगर। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के लिए बुधवार को जानसठ तहसील सभागार में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से गांवों और मोहल्लों में लोगों को जागरूक करने की अपील की गई।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बाल सेवा योजना और श्रम विभाग से जुड़ी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण हैं। पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता जरूरी है।शिविर में निशुल्क कानूनी सहायता और राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति भी नियमानुसार मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रश्मि लांबा, तहसीलदार मोनिका चौहान, न्यायिक अधिकारी अभिषेक सिंह, मिशन शक्ति टीम और जानसठ ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। पराविधिक स्वयंसेवक धनीराम सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और थाना जानसठ की टीम ने भी सहभागिता की।शिविर के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित कर्मचारियों को योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया, ताकि पात्र परिवार सरकारी सहायता और कानूनी सेवाओं से वंचित न रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group