मुजफ्फरनगर। एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मतदान के दिन किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह ने विकास भवन पहुंचकर मतदान कार्मिकों और पोलिंग पार्टियों की रवानगी से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अधिकारियों से मतदान सामग्री के वितरण और पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पोलिंग पार्टी को जरूरी सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार सभी व्यवस्थाओं की जांच भी सुनिश्चित की जाए।मतदान कार्मिकों के आवागमन को लेकर भी प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था रखी जाए। कर्मचारियों के आने-जाने और ठहरने से संबंधित इंतजाम भी समय रहते पूरे कर लिए जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान सामग्री की उपलब्धता, कर्मचारियों की उपस्थिति और पोलिंग पार्टियों की रवानगी सहित सभी जरूरी बिंदुओं का स्वयं सत्यापन करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और तय समय-सारिणी का पालन करते हुए सभी तैयारियां पूरी की जाएं।एडीएम गंभीर सिंह ने स्पष्ट किया कि चुनाव संबंधी कार्यों में लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं, जिससे एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु ढंग से संपन्न कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group