मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1.01 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी सहारनपुर जिले के गंगोह का रहने वाला फुजैल उर्फ फैजुल बताया गया है। पुलिस इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।पुलिस के अनुसार, ठगी की शुरुआत सोशल मीडिया पर दोस्ती के जरिए हुई थी। पीड़ित से फेसबुक पर महिला के नाम से बनाई गई फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान भरोसा जीतने के बाद उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने और अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।आरोपियों ने पीड़ित को एक कथित ट्रेडिंग वेबसाइट पर खाता खुलवाकर निवेश करने के लिए कहा। वेबसाइट पर खाते में मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देता था। इसे सच मानकर पीड़ित ने अलग-अलग बार में आरोपियों के बताए बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 1 लाख 2 हजार रुपये जमा करा दिए।जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तो उससे सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर और पैसे मांगे जाने लगे। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।मामले की जांच कर रही साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फुजैल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम में से 27.29 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं। इस धनराशि को पीड़ित को वापस दिलाने की प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group