शामली। झिंझाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर सिंगरा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। इनमें मुजफ्फरनगर के हुसैनाबाद भनवाड़ा निवासी 25 वर्षीय फुरकान की उपचार के दौरान मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, फुरकान अपने पांच साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पुराल लेने जा रहा था। सिंगरा गांव के पास हाईवे पर कट पार करते समय उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली की पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार सभी छह लोग घायल हो गए।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल फुरकान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।