मुजफ्फरनगर। कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। शुक्रवार को पुलिस और एंटी सबोटाज टीम ने संयुक्त रूप से न्यायालय परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच की गई। साथ ही बिना वैध पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी गई।जिला जज के आदेश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व कचहरी सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार ने किया। पुलिस टीम ने न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। परिसर में आने वाले वादकारियों के आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों की जांच की गई।पुलिस ने अधिवक्ताओं से भी निर्धारित वेशभूषा में आने और अपना अधिकृत पहचान पत्र साथ रखने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, न्यायालय परिसर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।