मुजफ्फरनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर सरकारी कार्यालयों से लेकर स्कूल-कॉलेजों तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थियों की प्रभातफेरी और रैलियों के साथ ही कई स्थानों पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा।अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती को लोगों की भागीदारी के साथ मनाया जाए, ताकि देश की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचे।कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह आठ बजे प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों की प्रभातफेरी से होगी। माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी भी रैली निकालेंगे। स्कूलों और कॉलेजों में सरदार पटेल के जीवन और देश के लिए उनके योगदान पर निबंध, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। विद्यार्थी उनके जीवन पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत करेंगे।इसके अलावा पुलिस और अन्य वर्दीधारी बलों की ओर से मार्च पास्ट कराया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर रन फॉर यूनिटी के माध्यम से लोगों को एकता का संदेश दिया जाएगा। जेलों में भी राष्ट्रीय एकता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे।प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। आयोजन के बाद संबंधित अधिकारी अपनी कार्यवाही की रिपोर्ट भी प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे।