मुजफ्फरनगर। शुक्रताल स्थित आश्रम में रहकर पढ़ाई कर रहा 12वीं कक्षा का छात्र अचानक लापता हो गया। वह ट्यूशन जाने की बात कहकर आश्रम से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। छात्र का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। आश्रम के संत ने भोपा थाने में शिकायत देकर छात्र को तलाश करने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, सुंदरम पुत्र नवीन गांव छरौली का रहने वाला है। वह शुक्रताल इंटर कॉलेज में कक्षा 12 में पढ़ता है और मानव निर्माण योग आश्रम दादू द्वारा में रह रहा था। बताया गया कि 28 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे वह मोरना में ट्यूशन पढ़ने जाने की बात कहकर आश्रम से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।काफी समय बीतने के बाद भी सुंदरम के नहीं पहुंचने पर आश्रम के लोगों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद आसपास के इलाकों, मोरना और शुक्रताल में उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।आश्रम के स्वामी वेददास ने 29 अक्टूबर को भोपा थाने पहुंचकर पुलिस को छात्र के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।छात्र के अचानक गायब होने से आश्रम के संतों और परिजनों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र कहां गया और किन परिस्थितियों में लापता हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group