बागपत। जिले के डगरपुर गांव में रविवार को कुश्ती प्रेमियों को देश और विदेश के नामचीन पहलवानों के दांव-पेच देखने को मिलेंगे। चौधरी ब्रह्मपाल सिंह की स्मृति में आयोजित होने वाले इस दंगल में कुल 21 लाख रुपये की इनामी राशि रखी गई है। प्रतियोगिता में ईरान के पहलवान भी अखाड़े में उतरेंगे।गांव में पिछले 25 वर्षों से इस दंगल का आयोजन किया जा रहा है। लीलू प्रमुख के नेतृत्व में होने वाले आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से पहलवान डगरपुर पहुंच रहे हैं। रविवार दोपहर दो बजे से मुकाबलों का सिलसिला शुरू होगा।इस बार विदेशी पहलवानों की भागीदारी दंगल का मुख्य आकर्षण रहेगी। इसके अलावा नेशनल कुश्ती कोच युवा खिलाड़ियों को कुश्ती के दांव-पेच भी सिखाएंगे। पहलवान इनामी मुकाबलों में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे।कुश्ती प्रतियोगिता से पहले शनिवार शाम को रागिनी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों ने पहलवानों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के शामिल होने की भी उम्मीद है।आयोजक लीलू प्रमुख के अनुसार, आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दंगल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में कुश्ती को बढ़ावा देना और युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।